देशभर के टॉप MY Bharat यूथ चैंपियन में शामिल हुए अमन कुमार, राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया यूपी का मान

By InduPaper Editorial | Baghpat, Uttar Pradesh | June 7, 2026 | Local News

कभी गांव-गांव साइकिल पर अखबार बेचने वाला बागपत का एक युवा आज देश के बड़े राष्ट्रीय मंचों पर उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति का प्रतिनिधित्व कर रहा है।

MY Bharat Guinness World Records ceremony with Aman Kumar and youth champions
नई दिल्ली स्थित श्रम शक्ति भवन में आयोजित MY Bharat के Guinness World Records समारोह में अमन कुमार सहित देशभर के युवा चैंपियन शामिल हुए।

नई दिल्ली/बागपत: गांव ट्यौढ़ी निवासी युवा आइकॉन अमन कुमार हाल ही में नई दिल्ली स्थित श्रम शक्ति भवन में आयोजित MY Bharat के Guinness World Records समारोह में विशेष आमंत्रण पर शामिल हुए, जहां उनकी मौजूदगी पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बन गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉन्च किए गए MY Bharat प्लेटफॉर्म ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 की राष्ट्रीय क्विज प्रतियोगिता में रिकॉर्ड भागीदारी के साथ Guinness World Records में अपना नाम दर्ज कराया। एक सप्ताह में ऑनलाइन क्विज में सबसे अधिक लोगों की भागीदारी का यह विश्व रिकॉर्ड देशभर के युवाओं की बढ़ती सहभागिता और विकसित भारत मिशन के प्रति उनके उत्साह का प्रतीक माना जा रहा है।

विशेष समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने देशभर के टॉप MY Bharat यूथ चैंपियन के साथ यह विश्व कीर्तिमान साझा किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा निखिल खड़से, युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स टीम के प्रतिनिधि और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्य बात: देशभर से आमंत्रित किए गए चुनिंदा 10 MY Bharat यूथ चैंपियन में बागपत के अमन कुमार भी शामिल रहे।

पिछले कई वर्षों से गांव स्तर पर युवाओं को अवसर, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उनके प्रयासों को देखते हुए उन्हें यह विशेष पहचान मिली।

अखबार बेचते-बेचते बदल गई सोच

अमन कुमार की कहानी संघर्ष और जागरूकता से बदलाव की कहानी मानी जा रही है। आर्थिक तंगी के बीच उन्होंने बचपन में गांव-गांव साइकिल पर अखबार बेचने का काम किया। धीरे-धीरे अखबार बांटना केवल रोजगार नहीं रहा, बल्कि खबरों को पढ़ना उनकी आदत बन गया। इन्हीं खबरों के माध्यम से उन्हें छात्रवृत्ति, प्रतियोगिता, युवा कार्यक्रम और अवसरों की दुनिया के बारे में जानकारी मिली।

यहीं से उनके भीतर यह सोच पैदा हुई कि गांवों में लाखों युवा केवल जानकारी के अभाव में पीछे रह जाते हैं।

Aman Kumar with Guinness World Records certificate at Ministry of Youth Affairs and Sports
अमन कुमार MY Bharat के Guinness World Records प्रमाणपत्र के साथ।

“कोई युवा पीछे न छूटे” मिशन पर कर रहे काम

इसी सोच के साथ अमन कुमार ने “कोई युवा पीछे न छूटे” मिशन पर काम शुरू किया। MY Bharat से जुड़ने के बाद उनके प्रयासों को नई दिशा मिली और गांव स्तर पर शुरू हुई उनकी यात्रा राष्ट्रीय मंचों तक पहुंच गई। वर्तमान में वह MY Bharat से संबद्ध उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं और लगातार युवाओं को विकसित भारत मिशन से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने सीमित संसाधनों और शून्य निवेश के साथ “प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360” की शुरुआत की, जिसके माध्यम से आज देशभर के लाखों युवाओं तक शिक्षा, स्कॉलरशिप, प्रतियोगिता और करियर अवसरों की जानकारी पहुंच रही है।

कभी गांव-गांव अखबार पहुंचाने वाला यह युवा आज देशभर के लाखों युवाओं तक अवसर पहुंचाने के मिशन में जुटा है।

ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा बने अमन

राष्ट्रीय मंच पर अमन कुमार की मौजूदगी को उत्तर प्रदेश के ग्रामीण युवाओं की नई पहचान के रूप में देखा जा रहा है। अमन का कहना है कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, जरूरत केवल सही जानकारी, विश्वास और अवसर की होती है। यही कारण है कि आज उनका पूरा मिशन एक ही लक्ष्य पर केंद्रित है — “कोई युवा पीछे न छूटे।”

आज बागपत का यह युवा देशभर के उन लाखों ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।

Source: Local news submission received by InduPaper.