मेंटेनेंस की पोल: उलझी केबलों में लगी आग, 4 घंटे ठप रही बिजली
बिजली कंपनी की लापरवाही शनिवार सुबह उस समय सामने आ गई, जब हरिजन मोहल्ला स्थित आंगनबाड़ी के पास आपस में उलझी बिजली की केबलों में अचानक आग लग गई। सुबह करीब 8 बजे केबलों से धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
बटियागढ़. स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली की लाइनें जमीन से महज करीब 8 फीट की ऊंचाई पर लटक रही थीं और लंबे समय से आपस में उलझी हुई थीं। लोगों ने आशंका जताई कि यदि केबल टूटकर नीचे गिर जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना तुरंत बिजली कंपनी को दी गई, लेकिन 1 घंटे बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद सुधार हुआ। इस दौरान पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति दोपहर करीब 12 बजे तक बंद रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीयों ने उठाए मेंटेनेंस पर सवाल
स्थानीय निवासी अजय कुमार सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली कंपनी नियमित मेंटेनेंस का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके विपरीत हैं। अभी भी मोहल्ले में लाइन लूज हैं और हादसों को न्योता दे रही हैं। अगर आगे से सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
इस रिपोर्ट में उल्लिखित आरोप स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ताओं के दावों पर आधारित हैं। InduPaper इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता। संबंधित पक्षों या प्रशासन का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।